Friday, July 17, 2026
Homeहरियाणावीबी-ग्रामजी के विरोध में प्रतियां जलाकर जताया रोष, मनरेगा बहाल करने की...

वीबी-ग्रामजी के विरोध में प्रतियां जलाकर जताया रोष, मनरेगा बहाल करने की उठाई मांग

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

पानीपत, 1 जुलाई। हरियाणा खेत मजदूर यूनियन (बीकेएमयू) की जिला कमेटी के आह्वान पर जिले के नामोंडा, टिटाना, हडताड़ी, सुताना, लोहारी, अलूपुर, अटावला, दरियापुर, उरलाना खुर्द, धक्का बस्ती मडलौड़ा सहित विभिन्न गाँवों की मजदूर बस्तियों में कार्यकर्ताओं ने वीबी-ग्रामजी की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान बीकेएमयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कामरेड दरियाव सिंह कश्यप, जिला प्रधान सुलतान सिंह उरलाना, जिला सचिव भूपेंद्र कश्यप तथा जिला कानूनी सलाहकार कामरेड पवन कुमार सैनी ने वीबी-ग्रामजी और मनरेगा के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा की जगह वीबी-ग्रामजी लागू कर ग्रामीण मजदूरों को उनके काम के अधिकार से वंचित करना चाहती है।
नेताओं ने बताया कि खेत मजदूरों के राष्ट्रीय संगठनों और नरेगा बचाओ मोर्चा के आह्वान पर 1 जुलाई को देशभर में भाजपा सरकार द्वारा लाए गए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-ग्रामजी) के विरोध में प्रतियां जलाकर जनविरोध दर्ज कराया गया।
बीकेएमयू यूनियन ने माँग की है कि वीबी-ग्रामजी को तत्काल वापस लिया जाए, मनरेगा को पूर्व स्वरूप में बहाल किया जाए, ग्रामीण मजदूरों को वर्ष में 200 दिन रोजगार तथा 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, हाजिरी के लिए लागू किए गए डिजिटलीकरण की अनिवार्यता समाप्त करने की भी माँग उठाई।
प्रदर्शन में जय भगवान दरियापुर, ओमप्रकाश नामोंडा, नंदलाल, धनपत सुताना, कृष्ण लाल लोहारी, भान सिंह सहित अनेक ग्रामीण मजदूर और यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments