संविधान के 77वें वर्ष पर गूंजेगा एकता, समानता और बंधुता का संदेश
////डॉ. अंबेडकर युवा मंच का आयोजन 26 नवंबर को, प्रियंका भारती एवं स्मिता कांबले होंगी मुख्य वक्ता; 77 बच्चे देंगे विशेष नृत्य प्रस्तुति////
बिलासपुर छत्तीसगढ़
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व का आधार है। इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. अंबेडकर युवा मंच द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘भारत एक देश, सारा देश एक परिवार और उसका एक संविधान’ रखी गई है। आयोजन के माध्यम से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर शाम 6:30 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की वक्ता एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की शोधार्थी (जर्मन स्टडीज) प्रियंका भारती तथा उच्च न्यायालय नागपुर से जुड़ीं और समता सैनिक दल की प्रमुख स्मिता कांबले मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।
////बच्चों की भागीदारी होगी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण////
कार्यक्रम में इस बार बच्चों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। डॉ. अंबेडकर युवा मंच द्वारा संचालित ‘साक्षर से शिक्षित की ओर’ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे। वहीं 77 बच्चे विशेष नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। यह प्रस्तुति आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में से एक होगी।
अध्यक्ष नितेश अंबादे ने बताया कि यह आयोजन महज एक औपचारिक सभा नहीं, बल्कि सामाजिक और वैचारिक चेतना का आंदोलन है। मंच पिछले 15 वर्षों से इस विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसका उद्देश्य संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुता और न्याय के मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा नागरिकों में संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
////महिला नेतृत्व को मिलेगा विशेष मंच////
इस वर्ष के आयोजन की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि मंच पर वक्ताओं से लेकर कार्यक्रम के संचालन तक की जिम्मेदारी महिलाओं और युवतियों द्वारा निभाई जाएगी। मंच की यह पहल महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि महिलाएं केवल समाज की सहभागी ही नहीं, बल्कि सामाजिक और वैचारिक परिवर्तन का नेतृत्व करने में भी सक्षम हैं।
////सुरेश रामटेके की स्मृति में दिए जाएंगे बिरसा-फुले-अंबेडकर सम्मान////
डॉ. अंबेडकर युवा मंच के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय सुरेश रामटेके की स्मृति में सामाजिक, खेल, शिक्षा, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को अतिथियों के हाथों ‘बिरसा-फुले-अंबेडकर सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साहित्य प्रेमियों के लिए पुस्तक स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और वैचारिक पुस्तकों का विक्रय किया जाएगा।
////घर-घर पहुंच रहा संविधान दिवस का संदेश////
आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए मंच के सदस्य व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। बौद्ध समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं मार्गदर्शक हरीश वाहने, अशोक वाहने, नरेंद्र रामटेके, सुखनंदन मेश्राम, नारायण राव हुमने, मगन गेडाम, छेदीलाल मेश्राम एवं एम.आर. बाम्बोडे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
आयोजन की सफलता में संघमित्रा वाहने, वर्षा रामटेके, रश्मि खोब्रागड़े, प्रज्ञा मेश्राम, महिमा पारेकर, नमिता अंबादे, नीलिमा, उर्वशी, तक्षशिला, सायूरी, निशा, पायल, अनुष्का, शारदा, रेशमी, प्रतिभा, संतोषी, तानिया, अंकिता, मधु, कुणाल रामटेके, सागर हुमने, नितेश अंबादे, रत्नेश ऊके, मिलिंद खोब्रागड़े, सुमित दामके, राजा नंदेश्वर, कपिल चौरे, सात्विक रामटेके, सरगम हुमने, जावेद खान, देवेंद्र मोटघरे, सुनील एवं आकाश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मंच का मानना है कि संविधान की वास्तविक सफलता तभी है, जब उसके आदर्श केवल किताबों और सरकारी आयोजनों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक नागरिक के व्यवहार और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनें। इसी संकल्प के साथ यह आयोजन ‘एक देश, एक परिवार और एक संविधान’ की भावना को मजबूत करते हुए समाज की सभी पीढ़ियों को एक साझा संवैधानिक विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करेगा।





