Friday, November 20, 2026

कुम्हारों का पुश्तैनी व्यवसाय तबाही के कगार पर पहुंचा।

मूकनायक

लक्ष्मी नारायण

दुर्ग छत्तीसगढ़

इंदिरा मार्केट दुर्ग में विगत सात दशकों से मिट्टी के बर्तन बेचकर अपना पुश्तैनी व्यवसाय करने वाले छ: कुम्हार परिवारों का व्यवसाय शासन-प्रशासन की घोर उपेक्षा की वजह से तबाह हो गया है। ये कुम्हार विगत कई दशकों से शासन-प्रशासन के महापौर ,आयुक्त, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर आदि महानुभावों को लिखित में आवेदन देकर बाजार के वर्तमान स्थल पर ही टीन शेड की दुकाने बनवा कर देने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन आश्चर्य है कि हिन्दू धर्म के षोडष संस्कारों व अन्य सभी धर्मों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक और दैनिक उपयोग के लिए जरूरी मिट्टी के विभिन्न बर्तन व देवी -देवताओं की मूर्तियां उपलब्ध कराने वाले इन एतिहासिक, सामाजिक और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण कुम्हारों को स्थानीय प्रशासन ने अब तक उपेक्षित कर रखा है।
परिणामत: उक्त छः कुम्हार परिवार आज भी खुले आसमान के नीचे, असुरक्षित वातावरण में,भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड व घनघोर वर्षा और तूफानों के साए में अपना व्यवसाय करने के लिए विवश हैं। जबकि दुर्ग जिले के इस सबसे बड़े बाजार में इसी प्रशासन ने सभी जाति, समाज व सभी धर्मों के लोगों को पर्याप्त मात्रा में प्रतिनिधित्व दिया है।
विगत महापौर श्रीमती चंद्रिका चंद्राकर जी ने इन छः कुम्हारों की दशकों पुरानी मांग को जनहित में उचित मानते हुए उक्त कुम्हारों के लिए वर्तमान स्थल पर ही टीन शेड की छ: दुकानें बना कर देने का निर्णय लिया था और अपने विभाग के इंजीनियरों से प्राथमिक नक्शा भी बनवाए थे लेकिन अभी तक उक्त योजना पर अमल नहीं किया गया है।
उक्त कुम्हार गण पुनः अपनी मांग को लेकर लिखित आवेदन वर्तमान विधायक व मंत्री श्री गजेन्द्र यादव जी व महापौर श्रीमती अल्का बाघमार जी को भी दे चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मंत्री गजेन्द्र यादव जी ने इन छः कुम्हारों को कुछ माह पूर्व पूरा आश्वासन दिये हैं कि वे शीघ्र ही उक्त स्थल पर टीन शेड निर्माण करके देंगे। अब देखना यह है कि इन कुम्हारों की जायज मांगों पर कब तक अमल होता है। फिलहाल नगर पालिका प्रशासन के अतिक्रमण विभाग के अधिकारी द्वारा इन कुम्हारों को अचानक अपनी दुकानें हटाई लेने का मौखिक आदेश दिया गया है जो कि सरासर अव्यवहारिक, अन्यायपूर्ण और संवेदनहीनता का परिचायक है। बिना उचित व्यवस्थापन के इन कुम्हारों को ऐसा आदेश देना उचित नहीं है। शासन-प्रशासन के जिम्मेदार और विद्वान जागरूक नागरिकों से भी इन कुम्हारों ने न्याय दिलाने में सहायता करने का आग्रह इन किया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments