
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर जनजातीय वीरता और ऐतिहासिक विरासत को किया नमन

उदयपुर (सरगुजा)। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित बैगापारा में 1857 के जननायक मोहन बैगा के नाम पर चौक का नामकरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने जननायक मोहन बैगा के ऐतिहासिक योगदान, संघर्ष और जनजातीय समाज के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।

उपलब्ध ऐतिहासिक विवरण के अनुसार, मोहन बैगा वर्ष 1857 में ब्रिटिश सरकार की हड़प नीति के प्रबल विरोधी रहे। वे उदयपुर डीह के संस्थापक तथा उदयपुर और रामगढ़ के प्रथम बैगा भूमका पुजारी के रूप में प्रतिष्ठित रहे। उनका जीवन जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, परंपराओं और अधिकारों के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, संघर्ष और त्याग की गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध है। जननायक मोहन बैगा का जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नाम पर चौक का नामकरण करना उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने की सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण करना और महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
चौक का नामकरण जननायक मोहन बैगा के ऐतिहासिक योगदान को सार्वजनिक पहचान देने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

