मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान और मजदूर संगठनों ने हरियाणा सरकार की नीतियों तथा किसानों की फसल खरीद पर लगाई गई शर्तों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पानीपत शहरी भाजपा विधायक प्रमोद विज के जीटी रोड स्थित कार्यालय पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध स्वरूप हरियाणा के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान किसान संगठनों ने केंद्र और राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की फसल खरीद पर लगाई गई सभी शर्तें जल्द से जल्द वापस ली जाएं। संगठनों ने 23 अक्टूबर को वोट बढ़ाने के अधिकार से जुड़े आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने की घोषणा की। इसके अलावा, ऐतिहासिक किसान आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए 26 नवंबर 2026 को मजदूरों के दिल्ली कूच करने की भी घोषणा की गई।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें-
किसान संगठनों ने मांग की कि किसानों की फसल खरीद पर लगाई गई सभी शर्तें तुरंत वापस ली जाएं। धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बिना किसी शर्त के की जाए। खरीदी गई फसल का जल्द उठान सुनिश्चित किया जाए और किसानों के खातों में भुगतान भेजा जाए।
प्रदर्शनकारियों ने बारिश और तूफान के कारण बर्बाद हुई फसलों की तत्काल गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। साथ ही, फसल खरीद की 25 क्विंटल की निर्धारित सीमा हटाकर मंडियों में लाई जाने वाली पूरी फसल खरीदने की मांग उठाई।
किसान संगठनों ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पंजीकरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा आगामी फसल के लिए बीज, खाद और कीटनाशक सरकारी दुकानों पर सस्ती दरों पर समय से उपलब्ध करवाने की मांग भी की। इसके अलावा, एमएसपी पर खरीद की कानूनी गारंटी देने वाला कानून तत्काल लागू करने की मांग की गई।
किसान-मजदूर संगठनों के नेताओं ने किया प्रदर्शन का नेतृत्व
प्रदर्शन का नेतृत्व संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक जयकरण कादयान, सह-संयोजक एवं सीटू के राज्य सचिव सुनील दत्त, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला सचिव राजपाल, भारतीय किसान यूनियन के जिला उपप्रधान अनिल कादयान, एटक के जिला प्रधान एडवोकेट पवन सैनी तथा खेत मजदूर यूनियन के नेता अंग्रेज सिंह ने किया।
इस अवसर पर भूपेंद्र कश्यप, सीटू नेता जय भगवान, नवीन सपड़ा, कर्मवीर काबड़ी, राजू डाहर, कौमी एकता मंच के जिला संयोजक एडवोकेट संजय कुमार, प्रदीप बंसल, भानु प्रताप, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह छोकर, सीताराम शर्मा, प्रेस सचिव रोहतास मलिक, गुलाब सिंह, शीशपाल शर्मा और भारतीय किसान यूनियन के नेता सतीश कादयान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

