मूकनायक/सरिता रानी
चंडीगढ/हरियाणा
10 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के करोड़ों नागरिकों को राहत प्रदान करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 1,582 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि पात्र लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरित की। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई, जिससे पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ सुनिश्चित हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों को 1,121 करोड़ 39 लाख रुपये की पेंशन राशि जारी की गई। इसके अतिरिक्त दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त के रूप में 9 लाख 98 हजार लाभार्थियों के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये भेजे गए।
उन्होंने बताया कि दयालु योजना के तहत 3,295 परिवारों को 125 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई। वहीं, गैस सिलेंडर सब्सिडी के रूप में 5 लाख 16 हजार महिलाओं को 18 करोड़ 97 लाख रुपये की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवासहीन परिवारों को अपना घर उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20,165 पात्र लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपये जारी किए गए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुँचाना है। सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

