मूकनायक/सरिता रानी
चंडीगढ़/हरियाणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में मानसून के मद्देनजर जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की रोकथाम तथा संभावित बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, मंडलायुक्तों तथा सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में रहकर नियमित निगरानी करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला नागरिकों की सुविधा के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मानसून के दौरान किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

