मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत/हरियाणा
मुख्यमंत्री नायब सिहँ सैनी ने हरियाणा में डेयरी क्षेत्र को नई गति देने, किसानों की आय बढ़ाने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वीटा को दूध उपलब्ध कराने वाले महिला स्वयं सहायता समूहों तथा महिला सीएम पैक्स से जुड़ी महिलाओं को 10 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस पहल से महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और डेयरी गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती भूमि पर ‘सांझी डेयरी’ स्थापित की जाएगी, जिससे गांव स्तर पर डेयरी अवसंरचना मजबूत होगी और दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ, महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला सीएम पैक्स की सदस्य महिलाओं को दुग्ध पशु खरीदने के लिए रियायती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं डेयरी व्यवसाय से जुड़ सकें।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ को दूध आपूर्ति करने वाले दुग्ध उत्पादकों के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डेयरी क्षेत्र को आधुनिक, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन निर्णयों से किसानों की आय बढ़ेगी, महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा तथा हरियाणा का डेयरी क्षेत्र नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर होगा।

