मूकनायक/सरिता रानी
चंडीगढ़/ पानीपत/हरियाणा
हरियाणा सरकार ने एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों एवं कस्बों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने तथा लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मास्टर प्लान के तहत हिसार, कुरुक्षेत्र, नारनौल, जींद तथा सोहना-पलवल बाईपास के निर्माण कार्यों को मंजूरी प्रदान की है।
इन प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से संबंधित शहरों में भारी एवं बाहरी यातायात को शहरों के बाहर से गुजारने की व्यवस्था की जाएगी। इससे प्रमुख शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होने के साथ-साथ आवागमन सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं पर लगभग 9,700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन की बैठक में परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की लागत शेयरिंग से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
यह कमेटी केंद्र सरकार के साथ लागत साझेदारी से जुड़े वित्तीय पहलुओं का अध्ययन करेगी और परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। सरकार का मानना है कि इन बाईपास और रिंग रोड परियोजनाओं से शहरों में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

