Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणाशहीद ऊधम सिंह के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत...

शहीद ऊधम सिंह के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत : दरियाव सिंह कश्यप

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

अमर शहीद ऊधम सिंह उर्फ राम मोहम्मद सिहँ आजाद के शहीदी दिवस पर शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की पानीपत शाखा द्वारा स्थानीय भगत सिंह स्मारक स्थित स्वतंत्रता सेनानी कामरेड टीका राम सखुन हॉल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीपीआई के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने की, जबकि संचालन जिला सचिव एडवोकेट पवन कुमार सैनी ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए कामरेड दरियाव सिहँ कश्यप ने कहा कि शहीद ऊधम सिहँ ने 13 अप्रैल 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार को अपनी आँखों से देखा था। उस समय मात्र 19 वर्ष की आयु में उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को दंडित करने का संकल्प लिया और 21 वर्ष बाद इंग्लैंड जाकर माइकल ओ’डायर को गोली मारकर जलियांवाला बाग के शहीदों का प्रतिशोध लिया। उन्होंने कहा कि ऊधम सिहँ का जीवन देशभक्ति, साहस और बलिदान का अद्वितीय उदाहरण है।
जिला सचिव एडवोकेट पवन कुमार सैनी ने कहा कि शहीद ऊधम सिहँ ने केवल अंग्रेजी शासन से देश को आजाद कराने के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक दासता और शोषण के विरुद्ध भी संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय के खिलाफ निरंतर लड़ने की प्रेरणा देता है।
सीटू के जिला संयोजक कामरेड जय भगवान ने कहा कि आज के समय में शहीद ऊधम सिहँ सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता है, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद ऊधम सिहँ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भूपेंद्र कश्यप, सतीश यादव, रणधीर सिहँ नंबरदार, छात्र नेता प्रिंस कश्यप, श्रमिक नेता राम आसरे, राजेंद्र रंगा, भानु प्रताप, नईम खान, अनिकेत, नवल किशोर, विजय माली, अखिलेश, पिंटू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा में प्रगतिशील लेखक संघ के संस्थापक मुंशी प्रेमचंद तथा देशभक्ति एवं धार्मिक गीतों को अपनी आवाज देने वाले महान गायक मोहम्मद रफी को भी उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक याद करते हुए नमन किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments