बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों की धरोहर: श्रावक तिलक राज बौद्ध
मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत/सोनीपत/हरियाणा
गांव बैंयापुर खुर्द, राठधना रोड, सोनीपत में विश्व बुजुर्ग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्गों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। महिलाओं को गर्म शाल तथा पुरुषों को चादर भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक श्रावक तिलक राज बौद्ध ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज के अनुभव, संस्कार तथा परंपराओं की महत्वपूर्ण धरोहर होते हैं। उनके जीवन के अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा देने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने बुजुर्गों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान करना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जी सकें तथा उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद परिवार को मिलता रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों से विशेष रूप से कहा कि वे अपने दादा-दादी, नाना-नानी तथा अन्य बुजुर्गों का सम्मान करें और प्रतिदिन सुबह तथा सोने से पहले उनका आशीर्वाद लें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान केवल एक दिन तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए।
मुख्य अतिथि समाजसेवी सरदार विक्रम सिंह ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करना सामाजिक जिम्मेदारी है। जो व्यक्ति अपने बुजुर्गों की सेवा करता है और उनसे स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करता है, उसके जीवन में सकारात्मकता और पारिवारिक सुख बना रहता है।
कार्यक्रम में किताब सिंह मेहरा, राजेन्द्र सिंह, रमेश चालिया, दयानंद पटेल, उदय ठाकुर, अनारो, प्रेमो, अनिता, सुनीता बौद्ध, दीक्षा, गिन्नी, पूनम, दक्ष और आयशा, फैजान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विश्व बुजुर्ग दिवस का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के योगदान, अधिकारों, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह दिवस नई पीढ़ी को यह संदेश देता है कि बुजुर्ग केवल परिवार के सदस्य नहीं, बल्कि अनुभव और जीवन-मूल्यों के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। उनके प्रति सम्मान और देखभाल एक संवेदनशील एवं जिम्मेदार समाज की पहचान है।

