मूकनायक रमेश पोडिया/ करनाल/ हरियाणा
मुनक। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में विजडम वेलफेयर सेवा समिति, मुनक द्वारा सराहनीय पहल की गई। समिति की ओर से साहेब प्रेम दास आश्रम, मुनक में पौधारोपण अभियान के लिए संत धूनी दास महाराज जी को पौधे भेंट किए गए।
इस अवसर पर विजडम वेलफेयर सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी जी, सचिव श्री अमन कुमार जी एवं कोषाध्यक्ष श्री रोशन लाल जी ने संत धूनी दास महाराज जी को पौधे भेंट किए। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि पौधे केवल हरियाली का माध्यम नहीं, बल्कि स्वच्छ वायु, बेहतर पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।
संत धूनी दास महाराज जी ने समिति की इस पर्यावरण संरक्षण पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
समिति की ओर से बताया गया कि विजडम वेलफेयर सेवा समिति, मुनक द्वारा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पौधारोपण अभियान के माध्यम से संस्था का प्रयास लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना तथा क्षेत्र में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करना है।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि पौधों को लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। संस्था ने आमजन से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले।
इस अवसर पर आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विजडम वेलफेयर सेवा समिति का संदेश
“एक पौधा आज लगाएं, आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य बनाएं।”
विजडम वेलफेयर सेवा समिति, मुनक
पर्यावरण संरक्षण • शिक्षा • स्वच्छता • सामाजिक जागरूकता

