Monday, September 28, 2026
Homeहरियाणासद्गुरु कबीर साहेब पर कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ कबीरपंथी समाज में...

सद्गुरु कबीर साहेब पर कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ कबीरपंथी समाज में रोष, 10 दिनों में सार्वजनिक माफी की मांग

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

राष्ट्रीय कबीरपंथी जुलाहा विकास महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने सद्गुरु कबीर साहेब के प्रति कथित तौर पर की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब हृदय मंदिर के आराध्य, महान संत तथा मानवता, प्रेम, समानता और सामाजिक समरसता के अमर संदेशवाहक हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक भाषा का प्रयोग कबीरपंथी समाज की धार्मिक आस्था और भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाला है।
डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने कहा कि मनु भैया उर्फ मन्नू शर्मा, शनिधाम गुड़गांव वाले, से संबंधित सामने आई कथित वीडियो में सद्गुरु कबीर साहेब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी को लेकर देशभर के अनुयायियों में रोष है। महासभा इस प्रकार की भाषा और किसी भी संत-महापुरुष के अपमान का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि करोड़ों कबीर साहेब अनुयायियों की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मनु भैया उर्फ मन्नू शर्मा से मांग की है कि वह 10 दिनों के भीतर सद्गुरु कबीर साहेब के अनुयायियों के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा कबीर साहेब के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को स्पष्ट रूप से वापस लें।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर बोलते समय मर्यादा, संयम और सम्मानजनक भाषा का पालन करना आवश्यक है। किसी भी संत-महापुरुष के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग समाज में वैमनस्य और तनाव पैदा कर सकता है, जिसे उचित नहीं ठहराया जा सकता।
डॉ. पंवार ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित 10 दिनों की अवधि में सार्वजनिक माफी नहीं मांगी जाती है तो राष्ट्रीय कबीरपंथी जुलाहा विकास महासभा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे की कार्रवाई करेगी। महासभा संबंधित तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सक्षम कानूनी प्राधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एवं संबंधित गुरुग्राम प्रशासन से भी मामले की निष्पक्ष जांच कर, यदि कोई कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्य शांतिपूर्ण, अनुशासित और कानून के दायरे में रहकर विरोध-प्रदर्शन का लोकतांत्रिक अधिकार भी अपनाएंगे।
डॉ. पंवार ने कहा कि महासभा का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के प्रति वैमनस्य फैलाना नहीं, बल्कि सद्गुरु कबीर साहेब की गरिमा, धार्मिक सम्मान और समाज की आस्था की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से जात-पात, ऊंच-नीच, पाखंड और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई तथा मानवता, प्रेम, भाईचारे और समानता का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि कबीरपंथी समाज सद्गुरु कबीर साहेब के विचारों पर आस्था रखता है और उनके सम्मान के लिए सदैव सजग रहेगा। महासभा ने समाज के सभी अनुयायियों से अपील की कि वे संयम बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अमर्यादित भाषा या कानून-विरोधी गतिविधि से दूर रहें तथा अपनी बात शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से शासन और प्रशासन के सामने रखें।
डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब के सम्मान, समाज की धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। महासभा अपने आराध्य के सम्मान के लिए हर संवैधानिक तरीके से मनु भैया उर्फ मन्नू शर्मा के खिलाफ अपनी आवाज उठाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments