मूकनायक समाचार । सूरत
दक्षिण गुजरात के विद्यार्थियों और युवाओं को वैश्विक शिक्षा, आधुनिक तकनीक और बेहतर करियर के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) की ओर से आगामी 11 से 13 दिसंबर 2026 तक ‘ग्लोबल एजुकेशन एंड स्किल एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो का कर्टेन रेजर कार्यक्रम सोमवार को आयोजित किया गया। इसमें वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (VNSGU) के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा तथा शिक्षा निरीक्षक डॉ. निहारिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में चैंबर के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि दक्षिण गुजरात व्यापार, उद्योग और नए विचारों का प्रमुख केंद्र रहा है। बदलते समय में स्थानीय उद्योगों की प्रगति के लिए युवाओं के पास वैश्विक स्तर की शिक्षा और आधुनिक कौशल होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अपने सपनों को हकीकत में बदलने की कुंजी है। कौशल सीखने की कोई सीमा नहीं होती और दृढ़ संकल्प के साथ युवा वैश्विक स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।
उद्योगों में इंटर्नशिप और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर
VNSGU के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में डिग्री के साथ विद्यार्थियों को औद्योगिक वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव मिलना भी आवश्यक है। उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों के लिए सूरत के उद्योगों में पर्याप्त इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने, विज्ञान मेले का आयोजन करने तथा दुनिया में उभर रही नई तकनीकों का प्रदर्शन एक्सपो में करने के सुझाव दिए।
शिक्षा निरीक्षक डॉ. निहारिका पटेल ने भी एक्सपो के व्यापक स्वरूप और इसके शैक्षणिक उद्देश्यों को लेकर उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
चैंबर के ग्रुप चेयरमैन डॉ. विजय रादड़िया ने बताया कि 11 से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों, प्रमुख उद्योगों और कौशल विकास से जुड़े संस्थानों को एक मंच पर लाना है। इससे शिक्षा जगत और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ विद्यार्थियों को करियर के उपयुक्त विकल्पों की जानकारी मिल सकेगी।
कार्यक्रम में चैंबर के मानद मंत्री परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, ऑल एक्जीबिशन चेयरमैन मनीष कपाड़िया सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख शिक्षाविद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा चैंबर की एजुकेशनल एंड एकेडमिक कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. मोनिका शर्मा ने प्रस्तुत की। कमेटी के सह-अध्यक्ष डॉ. निलेश पटेल ने कार्यक्रम का संचालन किया। अंत में चैंबर के उपाध्यक्ष रवि राज देसाई ने सभी उपस्थित अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

