Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानसूरौठ नगरपालिका में भाजपा की कमला महावर चेयरमैन

सूरौठ नगरपालिका में भाजपा की कमला महावर चेयरमैन

मूकनायक / रिपोटर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी- सुरौठ

सूरौठ। नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कमला महावर ने जीत दर्ज की। कमला महावर को 11 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सोमोती महावर को 9 वोट मिले। इस तरह कमला महावर ने 2 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

सूरौठ नगर पालिका के गठन के बाद चेयरमैन पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी के विजयी घोषित होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित चेयरमैन कमला महावर का स्वागत कर बधाई दी।

तीन नामांकन, दो प्रत्याशी मैदान में

चेयरमैन पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल किए गए थे। इनमें भाजपा, कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल थे। निर्दलीय प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में रह गए। इसके बाद दोनों के बीच सीधा मुकाबला हुआ।

सुरक्षा के रहे इंतजाम

मतदान सूरौठ नगर पालिका मुख्यालय पर कराया गया। चुनाव को देखते हुए नगर पालिका परिसर में पुलिस का पर्याप्त जाप्ता तैनात रहा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया।

अब विकास पर नजर

कमला महावर के चेयरमैन निर्वाचित होने के बाद अब नगरवासियों की नजर पालिका के विकास कार्यों पर रहेगी। सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुख मुद्दे हैं। इन समस्याओं के समाधान और नगर के विकास को गति देना नई चेयरमैन के सामने प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।
भाजपा खेमे से ये रहे मौजूद:
चेयरमैन चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कमला महावर की जीत के दौरान पूर्व सांसद रामस्वरूप कोहली (धौलपुर-बयाना), पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष हेमेंद्र वशिष्ठ, पूर्व सरपंच सूरौठ नथू सिंह राजावत, ललित चतुर्वेदी, दिलीप गुप्ता, सूरौठ मंडल अध्यक्ष पिंटू सोलंकी, सूरौठ मंडल उपाध्यक्ष भारत राजावत तथा अजय राज सिंह राजावत सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments