मूकनायक/ सुरेश सिंह बौद्ध
जालौर/ राजस्थान
जालोर जिले में दासपां और पादरा के बीच मुख्य मार्ग पर सोमवार को दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और कई सवारियां वाहनों के अंदर फंस गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद स्विफ्ट सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने मशक्कत कर वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भीनमाल रेफर कर दिया।
हादसे में कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू करवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

