Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणा10 अगस्त को लेबर कोड के विरोध में जिला कार्यालयों पर धरना...

10 अगस्त को लेबर कोड के विरोध में जिला कार्यालयों पर धरना देगी एटक

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की हरियाणा राज्य कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक प्रदेश अध्यक्ष कामरेड पहल सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मजदूरों, कर्मचारियों और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा आगामी आंदोलनों को लेकर रणनीति तय की गई।
बैठक की शुरुआत में कामरेड दरियाव सिंह ने शोक प्रस्ताव रखा। पिछली बैठक के बाद वरिष्ठ कर्मचारी नेता कामरेड बीर भान जांगड़ा, खेत मजदूर नेता कामरेड रणजीत सिंह तथा एटक के हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर शर्मा के ससुर के निधन पर सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्य महासचिव अनिल पवार एडवोकेट ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर 10 अगस्त 2026 को चारों लेबर कोड रद्द करने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदेशभर के जिला कार्यालयों पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में एटक कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
बैठक में एटक का महिला राज्य सम्मेलन जल्द ही मानेसर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं एटक के राज्य सम्मेलन के आयोजन के लिए रेवाड़ी या पानीपत के नाम पर विचार किया गया, जिस पर जल्द अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
अनिल पवार ने तालकटोरा स्टेडियम में हरियाणा से पहुंचे सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए 10 अगस्त के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मजदूर, कर्मचारी और किसान विरोधी नीतियों को जबरन लागू कर रही है, जिसका संगठित रूप से मुकाबला किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज यूनियन का आंदोलन जारी है और 5 सितंबर को प्रदेशभर में रोडवेज की हड़ताल प्रस्तावित है। एटक ने इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 11, 12 और 13 अगस्त को बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का भी एटक ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और सरकार को यूनियनों के साथ बातचीत कर समस्याओं का समाधान करना चाहिए तथा लिए गए फैसलों को लागू करना चाहिए।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पहल सिंह तंवर, राज्य महासचिव अनिल पवार एडवोकेट, उपाध्यक्ष दरियाव सिंह कश्यप, राज्य सचिव सी.पी.आई. आर.एन. सिंह, राज्य उपाध्यक्ष विशम्बर सिंह, राज्य सचिव जयबीर घनघस, रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा के राज्य महासचिव ईश्वर सिंह शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष अजय कुमार, राज्य सचिव बलबीर कंबोज, राज्य कोषाध्यक्ष अनिता यादव, राज्य सचिव मनोज कुमार प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन सैनी एडवोकेट, राजबीर चहल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments