Monday, September 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़घी की गुणवत्ता पर खाद्य विभाग का शिकंजा

घी की गुणवत्ता पर खाद्य विभाग का शिकंजा

होलसेल दुकानों पर ताबड़तोड़ जांच, वास्तु घी के 60 लीटर स्टॉक को किया जब्त

नमूना जांच के लिए भोपाल भेजा गया, रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडानें -/ बालाघाट
बालाघाट। राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों से लिए गए घी के नमूनों में कई ब्रांड अमानक पाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने संबंधित ब्रांडों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन बालाघाट की टीम ने नगर के विभिन्न होलसेल घी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नगर के रोहित ट्रेडर्स, कुमार संस, लक्ष्मी नारायण एजेंसी, चोपड़ा सेल्स, गुरुकृपा सेल्स एवं वाधवानी एजेंसीज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वास्तु घी के स्टॉक की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 60 लीटर घी जब्त किया गया। जब्त किए गए घी का नमूना नियमानुसार जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार जब्त घी के नमूने की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों योगेश डोंगरे एवं गीता टांडेकर द्वारा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों पर खरे उतरें, इसके लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य कारोबारियों को मानकों के पालन के निर्देश

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत सामग्री पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों एवं होलसेल विक्रेताओं के यहां जांच और नमूना कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments