मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय भगत सिंह स्मारक के परिसर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सीपीआई की राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेड राम रतन एडवोकेट, वरिष्ठ नेता कामरेड सेवा सिंह मलिक तथा जिला सचिव कामरेड पवन कुमार सैनी एडवोकेट ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर कामरेड राम रतन एडवोकेट ने स्वतंत्रता संग्राम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की भूमिका तथा आजादी के बाद देश में किए गए संघर्षों, बलिदानों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला सचिव पवन कुमार सैनी एडवोकेट सहित अन्य वक्ताओं ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
समारोह के दौरान दो मिनट का मौन धारण कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में आगामी 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली सीपीआई की “बदलाव जरूरी है” रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि 30 अगस्त तक पानीपत शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली रैली में शामिल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विदुर फोर, मीनू, भूपेंद्र कुमार, भानुप्रताप सिंह, रूपेश, वंश सपरा, हरपाल, ओम प्रकाश, प्रदीप जिंदल, कृष्ण गिरी, शीश राम, जुबेद, कामरेड सनौवर राणा, जुनैद, जुबेर, राहुल राणा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

