Monday, September 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़न्यूज़ फालो-आखिर हमलावर बाघिन आई कैमरे की जद में

न्यूज़ फालो-आखिर हमलावर बाघिन आई कैमरे की जद में

किसान पर हमले के आठ दिन बाद शावक के साथ नजर आई, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

मूकनायक / सुरेश सिंह बैस

बिलासपुर छत्तीसगढ़।

कोटा क्षेत्र के दवनपुर गांव में किसान पर हमले के आठ दिन बाद आखिरकार संदिग्ध हमलावर बाघिन ट्रैप कैमरे की जद में आ गई। वन विभाग द्वारा लगाए गए कैमरे में बाघिन अपने शावक के साथ दिखाई दी है। बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने दवनपुर और आसपास के वन क्षेत्र में निगरानी और बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बाघिन पिछले कई दिनों से शावक के साथ गांव से लगे जंगल और खार क्षेत्र में विचरण कर रही है। ट्रैप कैमरों में फिलहाल बाघिन के साथ एक शावक ही दिखाई दिया है। वन विभाग की टीम बाघिन की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और क्षेत्र में नियमित गश्त भी की जा रही है। कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एटीआर की फील्ड डायरेक्टर प्रियंका पांडे ने बताया कि ट्रैप कैमरे में शावक के साथ बाघिन दिखाई दी है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। कैमरों के माध्यम से बाघिन की गतिविधियों और उसके आवागमन वाले क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है।

किसान पर शनिवार को हुआ था हमला

दवनपुर में पिछले शनिवार सुबह करीब 7 बजे किसान संजू मरकाम खेत में खाद डाल रहा था। इसी दौरान एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया था। हमले के बाद से ही वन विभाग बाघिन की तलाश में जुटा था। घटना के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने ग्रामीणों को खेत-खलिहान और जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ग्रामीणों से अकेले जंगल या खेत की ओर नहीं जाने, वन्यजीवों के नजदीक न जाने तथा किसी भी जंगली जानवर की मौजूदगी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों को वन्यजीवों के व्यवहार, उनके संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों और खतरे से बचाव के उपायों की जानकारी भी दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाघिन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments