Monday, September 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़अवैध रेत पर खनिज विभाग का शिकंजा! तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं

अवैध रेत पर खनिज विभाग का शिकंजा! तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं

भमोड़ी, भटेरा-खैरी रोड और बहाकल में दबिश; जब्ती के बाद वाहनों को अभिरक्षा में रखा, नियमों के तहत होगी कार्रवाई

मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)

बालाघाट, 20 सितंबर 2026। जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने तथा प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए विभागीय अमले द्वारा लगातार जांच एवं छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बालाघाट एवं कटंगी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया।

भमोड़ी और भटेरा-खैरी रोड पर दो वाहन पकड़े

उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने ग्राम भमोड़ी तथा भटेरा-खैरी रोड, तहसील बालाघाट में कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर एक-एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पाया गया। कार्रवाई के बाद दोनों वाहनों को कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा), बालाघाट की अभिरक्षा में रखा गया है।

बहाकल में भी कार्रवाई, पुलिस अभिरक्षा में ट्रैक्टर-ट्रॉली

इसी तरह ग्राम बहाकल, तहसील कटंगी में भी खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाया। वाहन को जब्त कर पुलिस थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखा गया है।

तीनों वाहनों पर नियमानुसार होगी कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा पकड़े गए तीनों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments