मूकनायक/सरिता रानी
हरियाणा/ पानीपत
हरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत राज्य के 1,99,18,634 (96.43 प्रतिशत) मतदाताओं तक गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 1,22,08,806 (59.11 प्रतिशत) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज्ड एवं अपलोड भी किए जा चुके हैं।
आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रत्येक मतदाता को बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराया गया है। मतदाता को प्रपत्र में सही जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस जमा कराना होगा। इसके बदले बीएलओ हस्ताक्षरित दूसरी प्रति रसीद के रूप में मतदाता या उसके परिवार के सदस्य को सौंपेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त होंगे। यदि किसी मतदाता का प्रपत्र निर्धारित समय तक जमा नहीं होता है, तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि गणना प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 है। ऐसे में सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते सही जानकारी के साथ प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कराएं तथा रसीद के रूप में हस्ताक्षरित प्रति अवश्य प्राप्त करें। मतदाता आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं।
इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें और अधिक से अधिक गणना प्रपत्र समय पर जमा कराने में सहयोग करें।

