Thursday, July 16, 2026
Homeहरियाणाशिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला प्रतिनिधिमंडल, चंबा के कथित जातिवादी नाटक...

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला प्रतिनिधिमंडल, चंबा के कथित जातिवादी नाटक प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग

मूकनायक/ देव भारती
शिमला/ हिमाचल प्रदेश

शिमला। भंजराड़ू दंगल मेला (जिला चंबा) में सरकारी प्राइमरी स्कूल तिस्सा के बच्चों द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से जातिवादी और आपत्तिजनक नाटक के मंचन के मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से सचिवालय में मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषी अध्यापकों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे गदर पार्टी हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित ने कहा कि 11 जुलाई 2026 को आयोजित भंजराड़ू दंगल मेला में प्रस्तुत नाटक के माध्यम से अनुसूचित जाति समुदाय को अपमानजनक एवं जातिवादी तरीके से चित्रित किया गया, जो संविधान की भावना तथा कानून के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में स्कूल के प्रधानाचार्य, अध्यापकों एवं प्रबंधन की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।

शिकायत पत्र में दोषी शिक्षकों को तत्काल बर्खास्त करने, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की विभागीय जांच, उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच, प्रभावित समुदाय से सार्वजनिक माफी, उचित मुआवजा तथा प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में जातिवाद विरोधी जागरूकता अभियान और शिक्षकों के लिए संवेदनशीलता प्रशिक्षण शुरू करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी उल्लेख किया कि हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए 15 जुलाई 2026 के पत्र के माध्यम से उपायुक्त चंबा से सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं तथा 18 जुलाई तक आवश्यक और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान सहिब समिति के उपाध्यक्ष अमित वाल्मीकि, अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष प्रितपाल सिंह मट्टू, मदद सेवा ट्रस्ट के संयोजक विकास, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक, एडवोकेट रणवीर, किशोरी लाल सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments