मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
10 जुलाई। हरियाणा में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा कराने की समय-सीमा अब अंतिम चरण में पहुँच गई है। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे शेष 6 दिनों के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें, ताकि उनका नाम वर्ष 2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सके।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसलिए जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब किए इसे ऑनलाइन या संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भरकर जमा करें।
मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। इसके अलावा जारी किए गए QR कोड को स्कैन कर भी सीधे आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पारदर्शी है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने सभी नागरिकों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपना गणना प्रपत्र भरने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की है।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

