मूकनायक/ रिपोर्टर इंद्रसेन गौतम बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती, 10 जुलाई। थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे तीन युवकों को पुलिस पर फायरिंग के बाद घेराबंदी कर गिरफ्तार करने का दावा किया है।
आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, एक जिंदा देशी सूतली बम, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा 260 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बस्ती टोल प्लाजा के पास 8–10 मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक लाठी-डंडा, हॉकी, तमंचा और बम के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी युवक बड़ेवन की ओर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने सतर्कता और रणनीति का इस्तेमाल करते हुए खुद को सुरक्षित रखा तथा मुढ़घाट पुल के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके कुछ साथी अंधेरे और ट्रैफिक का लाभ उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांश सिंह उर्फ हर्ष निवासी तुर्कहिया, अली खान उर्फ गोलू निवासी तुर्कहिया तथा अहमद खान निवासी जयपुरवा, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें अवैध तमंचे और देशी बम उनके फरार साथियों ने उपलब्ध कराए थे तथा बम बनाने और फेंकने का प्रशिक्षण भी दिया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अली खान उर्फ गोलू के विरुद्ध वर्ष 2022 और 2023 में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
वहीं अहमद खान पर वर्ष 2023 से अब तक चोरी, घर में घुसकर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। शिवांश सिंह उर्फ हर्ष के विरुद्ध फिलहाल इसी प्रकरण में पहला मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा संख्या 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा सीएलए एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय भेजते हुए फरार साथियों की तलाश तेज कर दी है।

