मूकनायक/सरिता रानी
चंडीगढ़/हरियाणा
11 जुलाई। हरियाणा में आबकारी प्रशासन को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आबकारी एवं कराधान विभाग के संशोधित ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ सिस्टम तथा 8 नई ऑनलाइन आबकारी सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के विजन-2047, मुख्यमंत्री घोषणाओं और संकल्प-पत्र के क्रियान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था में डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग कर नागरिकों और व्यापारियों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई ऑनलाइन सेवाओं से विभागीय कार्यप्रणाली पहले से अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगी।
नायब सिंह सैनी ने करदाताओं से एकमुश्त निपटान योजना (OTS-2026) का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह लंबित कर मामलों के समाधान का बेहतर अवसर है। उन्होंने कहा कि समय रहते इस योजना का लाभ लेने से करदाताओं को टैक्स छूट का लाभ मिलेगा और विवादों का शीघ्र निपटारा भी हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ सिस्टम से शराब के उत्पादन, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। इससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, सरकारी राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा आबकारी प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नई ऑनलाइन सेवाओं के लागू होने से लाइसेंसधारकों और करदाताओं को अनेक विभागीय सेवाएं अब डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी। इससे कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर कम होंगे, सेवाओं के निस्तारण में तेजी आएगी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विजन-2047 और संकल्प-पत्र में शामिल सभी लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि हरियाणा को सुशासन, डिजिटल प्रशासन और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जा सके।

