अटल पुस्तकालय में दो एसी लगाने की घोषणा, विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़ने और नशामुक्ति का दिया संदेश
मूकनायक रमेश पोडिया/करनाल/हरियाणा
जलमाना, 29 जुलाई। गांव जलमाना स्थित श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्म स्थान सरोवर परिसर में सरकार के अनुदान से निर्मित अटल पुस्तकालय का शुभारंभ केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी कविंद्र राणा एवं डिप्टी सीओ करनाल राजो रंगा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी उमेद सिंह, खंड समन्वयक रूबी नरवाल, जेई सुमित कुमार, सरपंच प्रतिनिधि कोमल सिंह विर्क, ब्लॉक समिति सदस्य विनोद वाल्मीकि, ग्राम सचिव सुनील कुमार, पटवारी परमजीत सिंह खारा, नंबरदार मोती लाल चौहान, डॉ. रमेश पौड़ियां सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत जलमाना की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल, सिरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं ब्लॉक समिति सदस्य विनोद वाल्मीकि ने अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए।
शुभारंभ समारोह के दौरान ग्रामीणों ने ओएसडी कविंद्र राणा के समक्ष गांव की प्रमुख समस्याएं प्रमुखता से रखीं। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि पहले से बनी चौपाल में अटल पुस्तकालय शुरू होने के कारण अब श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्म स्थान सरोवर परिसर में नई चौपाल का निर्माण कराया जाए, ताकि सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
सरपंच प्रतिनिधि कोमल सिंह विर्क ने नेशनल हाईवे-709ए पर आबादी के बीच से गुजरने वाले सड़क मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों का मुद्दा उठाते हुए गति अवरोधक, सड़क सुरक्षा उपाय एवं मुख्य चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। इसके अलावा जलमाना बिजली घर की क्षमता बढ़ाने, क्षेत्र को उपतहसील का दर्जा देने, अटल पुस्तकालय में शिक्षक नियुक्त करने तथा बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी रखी गई।
ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए ओएसडी कविंद्र राणा ने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अटल पुस्तकालय में दो एयर कंडीशनर लगाने की घोषणा करते हुए उसके रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी। डिप्टी सीओ राजो रंगा ने ग्राम पंचायत को पुस्तकालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए रजिस्टर रखने तथा अधिक से अधिक स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय युवाओं को शिक्षा की ओर प्रेरित करेगा और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बॉक्स समाचार:
तालाबों के ओवरफ्लो का मुद्दा भी उठा
कार्यक्रम के दौरान नंबरदार जोगा सिंह खारा ने बरसात के दिनों में गांव के तालाबों के ओवरफ्लो होने की समस्या उठाई। इस पर ओएसडी कविंद्र राणा ने कहा कि यह केवल जलमाना ही नहीं बल्कि जिले और प्रदेश के अनेक गांवों की समस्या है। इसका स्थायी समाधान तभी संभव है जब किसान तालाबों के अतिरिक्त पानी का उपयोग सिंचाई में करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से इस समस्या का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।
बॉक्स : असंध के इन गांव में ओसीडी ने पुस्तकालयों का शुभारंभ और भवन निरीक्षण किया। जलमाना मे मौजूदा ई-लाइब्रेरी,उपलाना मौजूदा ई-लाइब्रेरी,रत्तक में मौजूदा ई-लाइब्रेरी,ललैन में प्रस्तावित भवन,राहड़ा में मौजूदा ई-लाइब्रेरी,बिलौना में प्रस्तावित भवन,बस्सी में नए स्थल का निरीक्षण,चौगामा मे प्रस्तावित भवन,मरदानहेड़ी मे प्रस्तावित भवन का उद्घाटन किया।

