मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत/हरियाणा।
12 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित टावर ऑफ जस्टिस परिसर के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज न्याय का यह आधुनिक तीर्थ राष्ट्र को समर्पित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह भवन संविधान की मर्यादा, न्यायपालिका पर जनता के अटूट विश्वास तथा आधुनिक न्याय व्यवस्था का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नया न्यायिक परिसर मामलों के त्वरित निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आम नागरिकों को न्याय अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। टावर ऑफ जस्टिस का उद्घाटन न्याय व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

