Thursday, July 16, 2026
Homeभिंडलहार से मुख्यमंत्री ने दी 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को 38वीं किश्त...

लहार से मुख्यमंत्री ने दी 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को 38वीं किश्त की सौगात

भिंड जिले को 322 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात; ₹1835 करोड़ सिंगल क्लिक से किए अंतरित, इसी माह समान नागरिक संहिता लागू होने का किया ऐलान

मूकनायक/बुद्ध प्रकाश बौद्ध पत्रकार भिंड मप्र

भिंड, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किश्त के रूप में 1835 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनी है और राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की शुरुआत 1000 रुपये प्रतिमाह से हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में योजना के तहत 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है, जिससे वे अपने परिवार की जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कानून के लिए प्रदेशवासियों से 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं और इससे सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार सुनिश्चित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी जा रही है, गौशालाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा दुग्ध उत्पादन में प्रदेश को देश में प्रथम स्थान पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में पुनः शुरू की जा रही हैं तथा गीता भवन और वृंदावन ग्राम जैसी योजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।

उन्होंने कहा कि शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपये की लागत से नई मिसाइल फैक्ट्री स्थापित की गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है और सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना चाहती है।

मुख्यमंत्री ने भिंड जिले के लिए 322 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 40 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। साथ ही लहार में नए पीजी कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भिंड जिले के विकास को नई गति मिली है। वहीं लहार विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है तथा गौशालाओं, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया। उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा शासकीय विभागों, स्व-सहायता समूहों, महिला उद्यमियों, पोषण और हाईटेक हॉर्टिकल्चर प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य एवं ओपीएस भदौरिया, आईजी सचिन अतुलकर, डीआईजी सुनील जैन, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक अम्बरीश शर्मा की माताजी को दी श्रद्धांजलि

भिंड प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लहार विधायक अम्बरीश शर्मा के पैतृक गांव सीकरी जागीर भी पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माताजी स्वर्गीय श्रीमती अरुणा देवी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments