Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणाविशेष गहन पुनरीक्षण में किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे,...

विशेष गहन पुनरीक्षण में किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे, पूरी जिम्मेदारी से करें कार्य : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बूथ संख्या 2, 3, 7, 10 एवं 24 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तहसील कैंप, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) कार्यालय तथा स्टार पब्लिक स्कूल, कैनाल कैंप स्थित मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। प्रत्येक बीएलओ घर-घर जाकर वास्तविक सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं रहना चाहिए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, उनके प्रपत्र समय पर भरवाए जाएं। नए पात्र मतदाताओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़े जाएं तथा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं का सत्यापन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान केवल औपचारिकता निभाने के बजाय पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत और विश्वसनीय बनेगी।
उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। सभी बीएलओ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा अभियान के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दें, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबंधित बूथों के बीएलओ एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments