मूकनायक रमेश पोडिया/ रोहतक/ हरियाणा
रोहतक, 19 अगस्त। विशाल हरियाणा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ी जाति कल्याण मंच, रजि. नं. 111 की प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रक्रिया रविवार को मानसरोवर पार्क, रोहतक में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जोगिन्द्र सिंह ने की, जबकि चुनाव प्रक्रिया एवं बैठक की कार्यवाही दयानन्द वकील, रोहतक द्वारा संचालित की गई।
बैठक के दौरान मंच की पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों तथा आय-व्यय का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। इसके बाद सर्वसम्मति से मंच की नई प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव में एडवोकेट दयानन्द रंगा को प्रदेश अध्यक्ष, जोगिन्द्र सिंह को महामंत्री तथा होशियार सिंह प्रजापति को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा कपूर सिंह को वाइस उप-प्रधान, फतेहसिंह आलडिय़ा को उप-प्रधान, महेन्द्र सिंह बिरला को संगठन सचिव, विजेन्द्र सिंह पंवार को प्रदेश प्रवक्ता, रवि शर्मा महेन्द्रगढ़ को सह सचिव, एडवोकेट विजेन्द्र सिंह सिंगल को मुख्य सलाहकार, श्रीमती गीता देवी भिवानी को प्रचार सचिव तथा कृष्णा गौरा कलानौर को कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष दयानन्द रंगा ने कहा
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट दयानन्द रंगा ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंच ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना मंच की प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन को केवल पदाधिकारियों तक सीमित न रखते हुए प्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव तक सक्रिय किया जाएगा। समाज के युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, श्रमिकों तथा जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को संगठित तरीके से संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी भाईचारा, एकता और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
रंगा ने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए मंच पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा तथा प्रदेश में एससी/बीसी समाज की आवाज को एकजुट एवं प्रभावी बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने भी मंच के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

