Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedजब बीईओ बच्चों के बीच जमीन पर बैठे, नक्शे से जुड़े सवाल...

जब बीईओ बच्चों के बीच जमीन पर बैठे, नक्शे से जुड़े सवाल पूछे और होनहार विद्यार्थियों को पेन देकर किया सम्मानित

‘मेरी तैयारी–मेरी सफलता’ अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक शाला पिपरदा का औचक निरीक्षण

बम्हनीडीह। विकासखंड बम्हनीडीह में ‘मेरी तैयारी–मेरी सफलता’ अभियान के तहत विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी और सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए निरंतर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने 19 अगस्त 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला पिपरदा का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को अध्याय-6 ‘नक्शा बोलता है’ का अध्ययन करते हुए पाया। विद्यार्थी नक्शे के माध्यम से जिलों के नाम पहचानकर अपनी अभ्यास पुस्तिका में दर्ज कर रहे थे तथा रिक्त स्थानों को भर रहे थे। बच्चों की सक्रियता और विषय के प्रति रुचि देखकर बीईओ स्वयं बच्चों के बीच जमीन पर बैठ गए और उनसे नक्शे से संबंधित रोचक एवं ज्ञानवर्धक सवाल पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं में हस्ताक्षर भी किए।

कक्षा 5वीं के होनहार विद्यार्थी देवेंद्र पटेल, प्रीति पटेल और अंकिता यादव ने नक्शे से जुड़े सवालों के सटीक और त्वरित जवाब देकर बीईओ को प्रभावित किया। बच्चों की प्रतिभा, ज्ञान और लगन की सराहना करते हुए बसंत चतुर्वेदी ने उन्हें पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे भी इसी तरह मेहनत और उत्साह के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर संस्था की प्रधान पाठक पद्मावती उपाध्याय, सहायक शिक्षक गंगोत्री कंवर, रोहिणी कंवर, सनत कुमार कश्यप और मनोहर सिदार उपस्थित रहे।

‘मेरी तैयारी–मेरी सफलता’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रेरित करना है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments