Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणानशा मुक्त हरियाणा के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी पहल, पुलिस तंत्र होगा...

नशा मुक्त हरियाणा के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी पहल, पुलिस तंत्र होगा और मजबूत

मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत/हरियाणा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित “एक पुलिस, एक संकल्प–ड्रग्स मुक्त हरियाणा” कार्यक्रम में थाना प्रभारियों (SHOs) के साथ संवाद करते हुए प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सुपर-100 योजना के तहत नीट परीक्षा में सफल 70 विद्यार्थियों को बधाई दी और हरियाणा पुलिस विभाग की त्रैमासिक पत्रिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि तफ्तीश हेड के तहत उपलब्ध राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की जाएगी। साथ ही NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अलग से पुरस्कार नीति लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ड्यूल पर्पज़ ड्रग्स के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एंड-टू-एंड मॉनिटरिंग प्रणाली विकसित की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के प्रत्येक जिले में आधुनिक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि नशे की लत से प्रभावित लोगों का प्रभावी उपचार और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए ड्यूटी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर विकसित करने तथा गैंगस्टरों के महिमामंडन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक एडवाइजरी जारी करने की भी घोषणा की।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस थाना क्षेत्र में नशे पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और उसे नशामुक्त क्षेत्र बनाने में सफलता मिलेगी, उस थाना प्रभारी (SHO) को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य केवल नशे की तस्करी पर रोक लगाना ही नहीं, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाना भी है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments