मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत/हरियाणा
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कौशल आधारित शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रथम चरण में 306 अतिरिक्त सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फिनटेक जैसे आधुनिक विषय भी शुरू किए जाएंगे।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने समग्र शिक्षा योजना की समीक्षा बैठक के दौरान सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और कौशल विकास को साथ लेकर आगे बढ़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा का दायरा तेजी से बढ़ाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सके।
सरकार की इस पहल के बाद वर्ष 2026-27 में माध्यमिक स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा की पहुँच 31 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। इससे अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्राप्त होगा और उनके रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

