Tuesday, September 29, 2026
Homeगुजरातलद्दाख और युवाओं के अधिकारों की आवाज़ बुलंद, आंबेडकरवादी एकता मिशन ने...

लद्दाख और युवाओं के अधिकारों की आवाज़ बुलंद, आंबेडकरवादी एकता मिशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मूकनायक समाचार । सूरत

आंबेडकरवादी एकता मिशन के नेतृत्व में बुधवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में सूरत जिला सेवा सदन-2 (अठवालाइंस) परिसर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत मिशन के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवा भीम सैनिकों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने सूरत जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं भारत के प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर मीडिया एवं स्थानीय पत्रकारों को संबोधित करते हुए मिशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाने के बजाय सरकार को संवाद का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब तक न्याय नहीं, तब तक विश्राम नहीं।” प्रतिनिधियों ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अहंकार छोड़कर लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप निर्णय लेने की अपील की।
ज्ञापन में सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। मिशन ने लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के अंतर्गत शामिल कर वहां की भूमि, संस्कृति और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार से स्पष्ट और ठोस कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करते हुए जनहित के मुद्दे उठाने वाले नागरिकों एवं राष्ट्रहित में आवाज़ बुलंद करने वालों के प्रति दमनात्मक रवैया समाप्त कर सरकार से शीघ्र संवाद शुरू करने की भी अपील की गई।
प्रदर्शन में सूरत शहर के युवा, विद्यार्थी, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता, जिम्मेदार नागरिक, आंबेडकरवादी-बौद्ध समाज के वरिष्ठजन, बौद्ध भिक्षुसंघ, बौद्धाचार्य, आंबेडकरी आंदोलन से जुड़े युवा भीम सैनिक तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
आंबेडकरवादी एकता मिशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले समय में जनआंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments