बीएलओ घर-घर जाकर करें सत्यापन, हर पात्र मतदाता का नाम समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें
मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत,
2 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे, इसके लिए बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें तथा प्राप्त होने वाले प्रपत्रों का शीघ्र डिजिटाइजेशन एवं सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रत्येक स्तर पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहाँ भी किसी प्रकार की कमी या त्रुटि सामने आए, उसे तत्काल दूर किया जाए और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय तैयार हो सके।

