Tuesday, September 29, 2026
Homeहरियाणा12 सितंबर को गुरु रविदास सरोवर एवं पार्क में गूंजेंगे संतों के...

12 सितंबर को गुरु रविदास सरोवर एवं पार्क में गूंजेंगे संतों के वचन, मूर्ति स्थापना दिवस पर होगा भव्य आयोजन

सतगुरु रविदास महाराज जी जागृति मिशन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप, मिशन के पदाधिकारियों ने लिया कार्यक्रम की सफलता का संकल्प

रमेश पोडिया मूकनायक/ जुंडला /करनाल/हरियाणा

जुंडला। सतगुरु रविदास महाराज जी के मानवतावादी, समानतावादी एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सतगुरु रविदास महाराज जी जागृति मिशन की ओर से गुरु रविदास सरोवर एवं पार्क, जुंडला में आगामी 12 सितंबर 2026 को मूर्ति स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मिशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में संत-महात्माओं के प्रवचन, सतगुरु रविदास महाराज जी की वाणी एवं उनके महान विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज में शिक्षा, समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।

सतगुरु रविदास महाराज जी जागृति मिशन के संस्थापक आचार्य सुनील दास ने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता को समानता और भाईचारे का रास्ता दिखाया। जुंडला स्थित सरोवर एवं पार्क केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि समाज को एकता, शिक्षा और सामाजिक चेतना का संदेश देने वाला प्रेरणास्थल है। उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को सतगुरु रविदास महाराज जी के विचारों से जोड़ना है।

सतगुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना मिशन का लक्ष्य: सतीश मदान

जागृति मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश मदान ने कहा कि मिशन लगातार सतगुरु रविदास महाराज जी की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी वाणी संपूर्ण मानव समाज को समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता की राह दिखाती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों से आह्वान किया कि 12 सितंबर को जुंडला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संतों के विचारों को सुनें और गुरु रविदास महाराज जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागृति तभी मजबूत होगी, जब समाज शिक्षा, संगठन और आपसी भाईचारे को अपनी प्राथमिकता बनाएगा।

संगठित समाज ही आगे बढ़ सकता है: ज्ञानी राजेंद्र दास मेहरा

जागृति मिशन के हरियाणा प्रदेश प्रभारी ज्ञानी राजेंद्र दास मेहरा ने कहा कि सतगुरु रविदास महाराज जी ने सदियों पहले जिस समानता और बेगमपुरा के समाज की कल्पना की थी, आज उसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समाज को गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन और सामाजिक व्यवहार में भी उतारना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 12 सितंबर का कार्यक्रम समाज की एकता और जागृति का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने मिशन के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ जुटें तथा अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ें।

मिशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद

आयोजन की तैयारियों एवं मिशन की गतिविधियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र मुड़े, राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश मदान, राष्ट्रीय महासचिव सलिंद्र मदान, सह संचालक राजबीर धनिया, राष्ट्रीय सचिव राजेश पाढ़ा, प्रदेश प्रभारी ज्ञानी राजेंद्र दास मेहरा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश जानी, सुशील भाना, कोषाध्यक्ष अशोक भोरिया, संजय भोला, गौरव धनिया, दीप भोला, प्रिंस मदान, सुरेश भोला, कृष्ण धनिया, सुरेंद्र पोड़िया सहित मिशन कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
मिशन पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का संकल्प लिया। आयोजकों ने समाज के लोगों से अपील की कि वे 12 सितंबर को गुरु रविदास सरोवर एवं पार्क, जुंडला पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं और सतगुरु रविदास महाराज जी के समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments