मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिण्डौन सिटी। नगर परिषद हिण्डौन सिटी की नवनिर्वाचित सभापति विजय कुमारी चतुर्वेदी ने कार्यभार संभालने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार को अपनी पहली प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मूकनायक न्यूज़ के संपादक धर्मवीर गौतम से बातचीत में सभापति विजय कुमारी ने बताया कि नगर परिषद के अधिकारियों से शहर की वर्तमान सफाई व्यवस्था की पूरी जानकारी ली जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था से संबंधित फर्म के टेंडर, कार्यप्रणाली और संबंधित फाइलों की समीक्षा की जाएगी, ताकि व्यवस्थाओं में जहां कमियां हैं, उन्हें दूर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों और उपसभापति को साथ लेकर काम किया जाएगा। नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अधिक बजट उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। सभापति ने नगर परिषद की कार्यशैली में आवश्यक बदलाव के साथ आने वाले समय में नए नवाचार किए जाने के भी संकेत दिए।
नालियों की सफाई कर गंदे पानी की समस्या दूर की
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि गौशाला क्षेत्र में लंबे समय से नालियों में कचरा जमा होने के कारण गंदा पानी सड़क पर आ रहा था। शिकायत सामने आने के बाद नालियों की सफाई कर कचरा हटाया गया और जमा दूषित पानी की निकासी कराई गई।
उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद क्षेत्र में जहां-जहां सफाई व्यवस्था से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
अतिक्रमण भी बना चुनौती
सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण के कारण भी आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद के सामने सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ अतिक्रमण की समस्या से निपटना भी एक महत्वपूर्ण चुनौती बनी हुई है।
अब नई सभापति के कार्यभार संभालने के बाद शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद आने वाले दिनों में किस तरह की प्रभावी कार्रवाई करती है।

