Saturday, October 24, 2026
Homeभरतपुरपंचायत चुनाव को लेकर भरतपुर पुलिस अलर्ट: जिलेभर में फ्लैग मार्च, संवेदनशील...

पंचायत चुनाव को लेकर भरतपुर पुलिस अलर्ट: जिलेभर में फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी; गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई

मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान

भरतपुर/पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए भरतपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना (आईपीएस) के निर्देशन में शुक्रवार को जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गश्त

पंचायत चुनावों के मद्देनजर पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च के साथ पैदल गश्त, नाकाबंदी, सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।

प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब, हथियार, नकदी और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के परिवहन पर भी नजर रखी जा रही है।

चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस का उद्देश्य आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के साथ मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने, माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव समाप्त होने तक गश्त, नाकाबंदी और निगरानी अभियान जारी रहेगा, ताकि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

पुलिस ने आमजन से की अपील

जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने आमजन से पंचायत चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहें, भ्रामक सूचनाएं और अपुष्ट संदेश प्रसारित नहीं करने की भी अपील की।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना इन नंबरों पर दें

पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल देने की अपील की है। इसके लिए जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9530411127, 9530411128 और 8764862756 या आपातकालीन नंबर 100/112 पर संपर्क किया जा सकता है। आमजन अपने नजदीकी पुलिस थाने में भी सूचना दे सकते हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments