मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान
बयाना रेलवे स्टेशन पर रविवार को कोटा मंडल के डीआरएम अनिल कालरा ने निरीक्षण किया। डीआरएम के निरीक्षण को लेकर रेलवे प्रशासन में सुबह से ही हलचल रही। स्टेशन परिसर से लेकर रेलवे यार्ड तक डीआरएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति को देखा। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। कोटा मंडल के डीआरएम अनिल कालरा रविवार को बयाना रेलवे स्टेशन पहुंचे। डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और रेलवे यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण से पहले स्टेशन परिसर में साफ-सफाई कराई गई। स्टेशन अधीक्षक बत्तू राम मीणा के अनुसार डीआरएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
डीआरएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्माण क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने निर्माण कार्य में सामने आई कुछ कमियों को भी चिन्हित किया और उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेशन पर नियमित साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए स्टेशन पर लगे सभी पंखों को चालू रखने और खराब पंखों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं स्टेशन के सामने वाहनों के अनावश्यक जमावड़े को रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया।
बयाना रेलवे स्टेशन से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों से सफर करते हैं। ऐसे में डीआरएम का निरीक्षण रेलवे की यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की गति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के बाद डीआरएम अनिल कालरा भरतपुर के लिए रवाना हो गए।

