Monday, September 28, 2026
Homeकरौलीफुलवाड़ा में चार साल से तैयार पानी की टंकी, फिर भी नलों...

फुलवाड़ा में चार साल से तैयार पानी की टंकी, फिर भी नलों में नहीं पहुंचा पानी

मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी

फुलवाड़ा में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सामाजिक कार्यकर्ता शुभम तिवाड़ी ने एईएन को सौंपा ज्ञापन

हिंडौन सिटी। ग्राम पंचायत फुलवाड़ा में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव में करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल टंकी का निर्माण हुए लगभग चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक घरों के नलों में पेयजल सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। टंकी निर्माण के साथ पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि चार साल में नलों से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी।

पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और जलदाय विभाग से जल्द पेयजल सप्लाई शुरू करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के नलकूप भी नकारा पड़े हुए हैं, जिसके कारण गर्मी के दिनों में पेयजल संकट और गहरा जाता है। महिलाओं और युवतियों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज तक भटकना पड़ता है।

सामाजिक कार्यकर्ता शुभम तिवाड़ी ने उठाई ग्रामीणों की आवाज

ग्रामीणों की पेयजल समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शुभम तिवाड़ी ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सुगर सिंह मीणा को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया।
तिवाड़ी ने अधिकारियों से टंकी और पाइपलाइन की व्यवस्था की जांच कराकर जल्द से जल्द घरों तक पेयजल सप्लाई शुरू करवाने एवं गाँव की जाटव बस्ती, भीमनगर, बाबडीपुरा,पूठन का पुरा,सोलंकी पुरा, ऊंचे का पुरा, निसुरियान का पुरा, कंजोलियान का पुरा, फुलवाड़ा गांव के नलों में पानी जल्द शुरू करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नलों की समस्या को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब ग्रामीणों ने विभाग से पेयजल व्यवस्था तत्काल शुरू करवाने की मांग की है।

एईएन ने दिया जल्द पानी चालू करने का आश्वासन

ज्ञापन मिलने के बाद जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सुगर सिंह मीणा ने ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ता शुभम तिवाड़ी को जल्द नलों से पेयजल सप्लाई शुरू करवाने का आश्वासन दिया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों से बंद पड़ी पेयजल व्यवस्था जल्द पटरी पर आएगी और घरों तक पानी पहुंच सकेगा।

प्रदर्शन में गुड्डी, भगवती, कश्मीरा, मछला, राजकुमारी, दयाराम, हेमराज, सुरेंद्र जाटव, शिवचरण जाटव, प्रवीण जाटव, ओपन जाटव, मुरारी, करण, साहबसिंह, सुरेश, हरलाल, शेरसिंह, बनिसिंह, धूप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments