मूकनायक न्यूज/यशपाल सोलंकी/भरतपुर/राजस्थान
पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर होने वाली आरक्षण लॉटरी का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पहले 17 सितंबर को जिला परिषद, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 18 सितंबर को सरपंच एवं वार्ड पंचों के लिए आरक्षण लॉटरी प्रस्तावित थी।
राज्य में नगरीय निकाय चुनावों के कार्यक्रम से तिथियां टकराने के कारण लॉटरी कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। जिला कलेक्टरों की ओर से भी एक ही सक्षम प्राधिकारी के स्तर पर नगरीय निकाय चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी जैसे महत्वपूर्ण कार्य एक साथ संचालित करने में आने वाली व्यावहारिक परेशानियों को देखते हुए तिथियां बदलने का अनुरोध किया गया था।
अब नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम के 22 सितंबर को समापन के बाद पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी के लिए नई तिथियां घोषित की जाएंगी। नई तारीखों की घोषणा के बाद संबंधित पंचायत क्षेत्रों में चुनावी तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।

