मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत मंगलवार को थाना सोनहा क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो स्क्वाड ने विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक देवमुनि सिंह तथा महिला कांस्टेबल अर्चना यादव शामिल रहीं। टीम ने कस्बा सोनहा, भीरिया कस्बा, मंडप, बैडवा माता मोड़ और कोहड़ा सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
महिलाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। साइबर अपराध की शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। साथ ही थाना सोनहा के सीयूजी नंबर 9454403123 एवं मिशन शक्ति केंद्र के सीयूजी नंबर 9454408358 की जानकारी देकर महिलाओं से अपराध के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने थाना क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान 15 व्यक्तियों को चेक कर आवश्यक हिदायत दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार अभियान जारी रखने की बात कही।

