Monday, September 28, 2026
Homeमध्यप्रदेशतीन पंचायतों में आज तय होगी गांव की कमानभरवेली-एकोड़ी-खुरपुडी में सरपंच पद...

तीन पंचायतों में आज तय होगी गांव की कमानभरवेली-एकोड़ी-खुरपुडी में सरपंच पद के लिए मतदान कल, 21 केंद्रों पर पहुंचे ईवीएम और मतदान दल

मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)

बालाघाट, 28 सितंबर 2026। जिले की तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के रिक्त पदों के लिए मंगलवार, 29 सितंबर को उप निर्वाचन होगा। भरवेली, एकोड़ी और खुरपुडी पंचायतों में सरपंच पद के लिए होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दल ईवीएम एवं आवश्यक मतदान सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके हैं।

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पंचायत बालाघाट की ग्राम पंचायत भरवेली, जनपद पंचायत वारासिवनी की ग्राम पंचायत एकोड़ी तथा जनपद पंचायत लालबर्रा की ग्राम पंचायत खुरपुडी में सरपंच पद के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

तीनों पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भरवेली में 5, एकोड़ी में 4 तथा खुरपुडी में 2 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों की नजर मतदाताओं के फैसले पर टिकी है।

सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान

29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। भरवेली में 15, एकोड़ी में 4 तथा खुरपुडी में 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह तीनों पंचायतों में कुल 21 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।

28 सितंबर को मतदान दल ईवीएम और आवश्यक मतदान सामग्री लेकर अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंच गए। मतदान केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

3 अक्टूबर को होगी मतगणना

मतदान के बाद 3 अक्टूबर 2026 को संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर मतगणना होगी। मतगणना के बाद सरपंच पद के उप निर्वाचन का परिणाम घोषित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments