Tuesday, September 29, 2026
Homeभरतपुरकेन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

केन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

बैंक की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने एवं सहकारी समितियों को मजबूत बनाने पर दिया जोर

मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान

केन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन मंगलवार को बैंक प्रशासक एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में होटल सोनार हवेली, आगरा रोड भरतपुर में किया गया।
बैंक प्रशासक एवं जिला कलक्टर ने अपने प्रशासकीय उद्बोधन में बैंक का वार्षिक प्रतिवेदन वर्ष 2025-26 प्रस्तुत करते हुए बैंक द्वारा अर्जित उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बैठक में उपस्थित समिति अध्यक्षों एवं प्रशासकों से बैंक के कार्यक्षेत्र में स्थित ग्राम सेवा सहकारी समितियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बैंक की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने तथा सहकारिता आंदोलन को गति प्रदान करने के लिए ‘सहकार में सहकार’ विजन के अंतर्गत समिति अध्यक्षों एवं संचालक मंडल सदस्यों से अपनी बचत, आवर्ती एवं सावधि जमाएं सहकारी बैंक की शाखाओं में रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समिति अध्यक्ष एवं पदाधिकारी अपनी-अपनी समिति के कार्यक्षेत्र में अवधिपार ऋणी सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर अधिकाधिक ऋण वसूली सुनिश्चित करने में बैंक एवं समिति का सहयोग करें। इससे समितियों एवं बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी तथा पात्र नए सदस्यों को ऋण वितरण में भी सुविधा मिलेगी।
बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा ने उपस्थित सदस्यगण, विशेष आमंत्रित अतिथियों, संचालक मंडल सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों का स्वागत करते हुए आमसभा की कार्यवाही प्रारंभ की। उन्होंने वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित संतुलन पत्र एवं लाभ-हानि खाते तथा बैंक द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके पश्चात एजेंडा के अनुसार विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आमसभा में गत वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही की पुष्टि, अंकेक्षित वार्षिक लेखों, वास्तविक व्ययों एवं आगामी बजट, अधिकतम उधार क्षमता में छूट, बैंक की अंश पूंजी में वृद्धि तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों एवं बैंक के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैंक के प्रबंध निदेशक ने समिति अध्यक्षों को समिति हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने का आश्वासन देते हुए विभिन्न मुद्दों के संबंध में बैंक, शीर्ष बैंक एवं सहकारिता विभाग स्तर पर आवश्यक कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया। अंत में आमसभा की कार्यवाही सधन्यवाद सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार दीपक, क्षेत्रीय अंकेक्षक अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, उप रजिस्ट्रार धौलपुर देवीदास बैरवा, बैंक के अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार बैरवा, उप रजिस्ट्रार भरतपुर शचीन्द्र चतुर्वेदी, अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी अंजली सिनसिनवार, विशेष लेखा परीक्षक भरतपुर आरएन मीना सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments