Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानकिसानों को मिलेंगे 30 हजार ग्राफ्टेड फलदार पौधे, स्कूलों को निशुल्क फर्नीचर

किसानों को मिलेंगे 30 हजार ग्राफ्टेड फलदार पौधे, स्कूलों को निशुल्क फर्नीचर

मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी

राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत कार्यक्रम आयोजित, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

करौली। राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत जिले में किसानों को ग्राफ्टेड फलदार पौधे उपलब्ध कराने के साथ राजकीय विद्यालयों में निशुल्क फर्नीचर वितरण की पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रौंड कला में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर मुख्य अतिथि रहे, जबकि उप वन संरक्षक ओमप्रकाश जांगिड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को योजना से जुड़ी जानकारी दी गई।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले के किसानों को करीब 30 हजार ग्राफ्टेड फलदार पौधे वितरित किए जाएंगे। पौधों के रोपण के बाद उनकी बेहतर देखभाल और संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को चार वर्ष तक प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने किसानों से योजना का लाभ उठाने और फलदार पौधों का अधिकाधिक रोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी, किसान तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments