मूकनायक समाचार । सूरत
हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर श्री जगदीश रक्तदान मित्र मंडल, जगदीश के तत्वावधान में श्री जगदीश भगवान मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 500 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का आयोजन 12 अगस्त, बुधवार को जगदीश भगवान मंदिर परिसर, जगदीश, पोस्ट अमरी, तहसील कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा में किया गया।
शिविर में क्षेत्र के युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना है।
34वीं बार किया रक्तदान
शिविर में हरीश भाई गुर्जर की प्रेरणा से उनके पुत्र दिपेश हरीश भाई गुर्जर ने 34वीं बार रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। वहीं सूरत शहर के हरीश भाई गुर्जर अब तक 60वीं बार रक्तदान कर चुके हैं। नियमित रक्तदाताओं ने युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राधेश्याम दास वैष्णव, कैलाश वैष्णव, महाराम गुर्जर, नारायण गुर्जर, सुंदर दास वैष्णव, दीपक वैष्णव, लादू दास वैष्णव, सांवर जी व्यास, जगदीश भाई सुथार, लादू लाल गुर्जर सहित जगदीश भगवान मंदिर सेवा समिति के सदस्यों एवं सभी सहयोगकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजक मंडल ने मुख्य प्रायोजकों, सहयोगकर्ताओं, रक्तदाताओं एवं कार्यक्रम में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
शिविर के सफल आयोजन और 500 यूनिट रक्त संग्रह के साथ हरियाली अमावस्या पर आयोजित यह जनसेवा अभियान क्षेत्र में सेवा एवं मानवता का संदेश देकर संपन्न हुआ।

