मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
समालखा, 4 जुलाई। गुरु रविदास समाज कल्याण सभा, समालखा के तत्वावधान में तथा पार्क अस्पताल, पानीपत के सहयोग से रविवार, 5 जुलाई को गुरु रविदास मंदिर, जीटी रोड, समालखा में प्रातः 9:30 बजे से निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा।
कैंप में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण, हड्डी रोग, महिला रोग, हृदय रोग संबंधी जांच (ईसीजी), बच्चों के रोगों सहित विभिन्न बीमारियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी। चिकित्सकीय परामर्श के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया जाएगा।
कैंप का उद्घाटन गुरु रविदास समाज कल्याण सभा के प्रधान राजेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त प्राचार्य साहब सिंह रंगा, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं बुद्धिजीवियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। इस अवसर पर ब्रिगेडियर (डॉ.) यशपाल सिंह, डायरेक्टर एडमिन, स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा करेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पूर्व एवं वर्तमान सैनिकों तथा आसपास के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेडिकल कैंप में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

