राजस्थान के हर जिले में बुद्ध विहार,ध्यान केंद्र हेतु भूमि आवंटन के लिए सरकार को सौंपा जाएगा ज्ञापन।
मूकनायक न्यूज/जालोर/राजस्थान।
जालोर: राजस्थान बौद्ध भिक्षु संघ की कार्यकारिणी की औचक बैठक रविवार को जालोर में संघ अध्यक्ष भन्ते कस्सप आनन्द की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, वित्तीय पारदर्शिता और बौद्ध समाज के हितों से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय राजस्थान के प्रत्येक जिले में बुद्ध विहार, ध्यान-साधना केंद्र और धर्मशाला की स्थापना के लिए सरकारी भूमि आवंटित कराने का लिया गया। इस संबंध में राज्य सरकार, मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और सभी जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।संघ के महासचिव भिक्खु डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी जिलों के बौद्ध भिक्षुओं को एकजुट कर शीघ्र ही राज्य स्तरीय भिक्षु सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के सभी बुद्ध विहारों, बौद्ध संगठनों और धार्मिक संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए राज्य स्तरीय संयुक्त बैठक भी होगी।वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए संघ के नाम से बैंक में संयुक्त बचत खाता खोलने का निर्णय लिया गया। खाते का संचालन अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष में से किन्हीं दो पदाधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा। बैठक में आजीवन सदस्यता शुल्क और संघ की गतिविधियों के लिए वार्षिक सहयोग राशि भी निर्धारित की गई। इच्छुक सदस्य स्वेच्छा से अतिरिक्त सहयोग दे सकेंगे।बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और भिक्षुओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर बौद्ध समाज के हितों की रक्षा और धम्म के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भिक्षु उपस्थित रहे।

