मूकनायक/सरिता रानी
महेंद्रगढ़/हरियाणा
महेंद्रगढ़ जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिले के लिए कुल 13 स्वास्थ्य संस्थानों को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके तहत 12 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र (Sub-Health Centers) खोले जाएंगे, जबकि एक मौजूदा उप-स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बनाया जाएगा।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने निशुल्क डायलिसिस योजना का भी विस्तार किया है। पहले से संचालित इस योजना के तहत अब महेंद्रगढ़ जिले के कनीना सहित प्रदेश के 16 नए उपमंडलीय (सब-डिवीजनल) अस्पतालों में भी फ्री डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किडनी रोगियों को अपने नजदीकी सरकारी अस्पतालों में बिना किसी शुल्क के उपचार की सुविधा मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर नागरिक, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ढांचे के निरंतर विस्तार और नई सुविधाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

